इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आज, 11 जुलाई को My Youth My Pride Conclave 2026 आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के विचारों को प्रदेश के विकास और नीति निर्माण से जोड़ना है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से करीब 5 हजार युवा इसमें शामिल होंगे। शिक्षा, खेल, कृषि, स्टार्टअप, स्वास्थ्य, तकनीक और पर्यावरण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
10 प्रमुख क्षेत्रों पर होगा मंथन
कॉन्क्लेव में युवाओं को विषय आधारित समूहों में बांटा जाएगा। अलग-अलग कार्यशालाओं में युवा अपने सुझाव, नए विचार और भविष्य की योजनाएं साझा करेंगे।
चर्चा में शिक्षा और कौशल विकास, खेल और स्वास्थ्य, MSME, स्टार्टअप, कृषि, उद्यानिकी, पर्यावरण, संस्कृति और पर्यटन जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
बनेगा ‘मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026’
कार्यशालाओं से मिले सुझावों को मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026 दस्तावेज में शामिल किया जाएगा। यह दस्तावेज मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा और उपयोगी सुझाव संबंधित विभागों तक भेजे जाएंगे।
इस पहल का लक्ष्य युवाओं को केवल कार्यक्रम का हिस्सा बनाना नहीं है। उनके विचारों को सरकारी योजनाओं और प्रदेश के विकास से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ाना भी उद्देश्य है।
CM करेंगे 4 युवा पुरस्कारों की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज चार नई राज्य स्तरीय युवा पुरस्कार श्रेणियों की घोषणा करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री युवा शिखर सम्मान, युवा नवाचार पुरस्कार, युवा समाज सेवा पुरस्कार और युवा कला-क्रीड़ा गौरव पुरस्कार शामिल हैं।
इन पुरस्कारों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले युवाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने की योजना है।
दो युवा यात्राओं का होगा समापन
आजाद युवा बाइक रैली और शंकर संकल्प साइकिल यात्रा भी कॉन्क्लेव स्थल पर अपना सफर पूरा करेंगी। मुख्यमंत्री दोनों यात्राओं में शामिल युवाओं का स्वागत और सम्मान करेंगे।
My Youth My Pride Conclave 2026 में फूड स्ट्रीट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। स्थानीय युवा उद्यमी, स्व-सहायता समूह, युवा बैंड और लोक-फ्यूजन कलाकार इसमें भाग लेंगे।