इंदौर लोड हो रहा है... 87,746 विज़िटर्स
ई-इंदौर लोगो
होम / Indore / Air India Express to Launch Direct Indore-Abu Dhabi Fligh…
Indore

Air India Express to Launch Direct Indore-Abu Dhabi Flight from July 17

इंदौर से अबू धाबी सीधी उड़ान 17 जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ान की घोषणा के साथ टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। इससे इंदौर और आसपास के जिलों के यात्रियों को यूएई पहुंचने के लिए दिल्ली या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ई-इंदौर डेस्क 26 Jun 2026 2 बार देखा गया Indore
Air India Express to Launch Direct Indore-Abu Dhabi Flight from July 17

Air India Express to Launch Direct Indore-Abu Dhabi Flight from July 17  |  ई-इंदौर फोटो

इंदौर से अबू धाबी सीधी उड़ान 17 जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ान की घोषणा के साथ टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। इससे इंदौर और आसपास के जिलों के यात्रियों को यूएई पहुंचने के लिए दिल्ली या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

शारजाह की जगह शुरू होगी अबू धाबी फ्लाइट

एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले इंदौर से शारजाह के लिए उड़ान संचालित करती थी। यह सेवा 28 फरवरी से बंद है। पहले इसे दोबारा शुरू करने की घोषणा हुई थी, लेकिन उड़ान बहाल नहीं हो सकी।

अब कंपनी ने शारजाह की जगह अबू धाबी सीधी उड़ान शुरू करने का फैसला लिया है। शुरुआती किराया करीब 16 हजार रुपये रखा गया है।

सप्ताह में चार दिन मिलेगी सेवा

यह उड़ान सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।

सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को विमान शाम 7:50 बजे इंदौर से रवाना होगा और यूएई समयानुसार रात 9:35 बजे अबू धाबी पहुंचेगा।

रविवार को उड़ान रात 8:50 बजे इंदौर से रवाना होगी और 10:35 बजे अबू धाबी पहुंचेगी। वापसी में रविवार को विमान रात 11:35 बजे उड़ान भरकर सुबह 4:20 बजे इंदौर पहुंचेगा। अन्य तीन दिनों में वापसी का समय रात 10:35 बजे और इंदौर आगमन सुबह 3:20 बजे रहेगा।

यात्रियों को क्या होगा फायदा?

ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मध्यप्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि नई उड़ान से इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, खरगोन और आसपास के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने के लिए दूसरे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि अबू धाबी पहुंचने के बाद यात्री टैक्सी या लोकल ट्रांसपोर्ट से यूएई के अन्य शहरों तक आसानी से जा सकेंगे।

दुबई जाने वालों को बढ़ेगी दूरी

इंदौर से सबसे ज्यादा यात्री दुबई जाते हैं। पहले शारजाह पहुंचने के बाद दुबई केवल 30 किलोमीटर दूर था।

अब अबू धाबी से दुबई पहुंचने के लिए करीब 145 किलोमीटर की यात्रा करनी होगी, जिसमें लगभग डेढ़ से दो घंटे लगेंगे। वहीं अबू धाबी से शारजाह की दूरी भी करीब 127 किलोमीटर है।

17 जुलाई से उड़ान शुरू होने के बाद इंदौर का यूएई से सीधा हवाई संपर्क फिर बहाल हो जाएगा। इससे व्यापार, पर्यटन, नौकरी और पारिवारिक यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।


पर वापस जाएंIndore