Monday, September 16, 2024
spot_img
HomeUncategorizedLodhia Kund Indore: वादियां, झरने के साथ नदी का मजा और रोमांचक...

Lodhia Kund Indore: वादियां, झरने के साथ नदी का मजा और रोमांचक सफर, इंदौर के पास है ये खूबसूरत जगह

जरा सी बारिश में बेशक इंदौर शहर की स्थिति खराब हो जाए, लेकिन प्राकृतिक स्थलों की खूबसूरती इस मौसम में निखर उठती है। यही वह मौसम है जब ईश्वर मानों खुले हाथ से प्रकृति को शृंगारित करने में जुट जाता है। प्रकृति के इसी खूबसूरत रूप का आनंद लेने के लिए इस बार चलते हैं लोधिया कुंड के सफर पर।

अपने शांत और सुंदर वातावरण के लिए लोकप्रिय है यह झरना।

परिवार के साथ यहां जाने वाले लोग चुन सकते हैं आसान रास्ता।

राइडर्स के लिए जंगल से होकर जाने वाला दूसरा रास्ता भी है।

Lodhia Kund Indore: इंदौर से लोधिया कुंड तक की दूरी अगर आरामदायक सफर है, तो रोमांच की अनुभूति करने वालों के लिए भी यह बेहतर विकल्प भी है। लोधिया कुंड झरना प्राकृतिक स्थल है, जो भेरू घाट के पास स्थित है।

यह झरना अपने शांत और सुंदर वातावरण के लिए खासा लोकप्रिय है। यहां तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। पहला रास्ता भेरू घाट की ओर जाता है जो अपेक्षाकृत आसान है। यह रास्ता आरामदायक है।

अगर आप रतबी पिकनिक स्पाट की ओर जाते हैं, तो वहां से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर लोधिया कुंड झरना स्थित है। आमतौर पर परिवार और नए पर्यटक इस रास्ते को पसंद करते हैं।

राइडर्स को पसंद है जंगल का रास्ता

दूसरा रास्ता कालाकुंड जंगल से होकर जाता है। यह रास्ता उन लोगों को बहुत पसंद आता है, जिन्हें रोमांचक सफर की तलाश होती है। हालांकि, यह रास्ता नए ड्राइवरों और चार पहिया वाहनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

जंगल का रास्ता कठिन होने के बावजूद आफ रोड राइडिंग के शौकीन लोग इसे चुनते हैं। दरअसल, यह उन्हें प्रकृति की गहराइयों में ले जाता है और रोमांच का एक अलग अनुभव प्रदान करता है। इस रास्ते पर अलग ही रोमांच महसूस होता है।

कालाकुंड के जंगल से होकर जाने वाला रास्ता थोड़ा कठिन और चुनौतीपूर्ण है। लिहाजा, राइडिंग के दीवानों के लिए बेहद अनुकूल रास्ता।- डॉ. सौरभ मोहंती, महू राइडर्स क्लब

इन बातों का ध्यान रखना भी जरूरी

  • यदि आप इस पर्यटक स्थल पर जा रहे हैं, तो कुछ सावधानियां जरूर रखें।
  • बड़े समूह में ही यहां जाएं और स्थानीय लोगों से जानकारी लेकर आगे बढ़ें।
  • यदि आप कुंड में नहाना चाहते हैं, तो भी स्थानीय लोगों की सलाह जरूर लें।
  • यदि पानी का रंग मटमैला होने लगे, तो बिना देर किए किनारे पर आ जाएं।
  • नदी उस जगह से पार करें, जहां पानी उथला हो और बहाव बहुत धीमा हो।
  • तीन-चार दिन से बारिश हो रही हो, तो नदी और कुंड में नहीं जाना चाहिए।
  • अपने साथ टॉर्च, रस्सी, फर्स्ट एड बॉक्स, खाने-पीन का सामान लेकर जाएं।
  • प्राकृतिक स्थल को साफ रखें और उसे किसी भी प्रकार से प्रदूषित नहीं करें।

इसलिए यहां जाना पसंद करते हैं सैलानी

लोधिया कुंड झरना अपने आकार और शांत वातावरण के लिए खासा पसंद किया जाता है। जब आप यहां पहुंचते हैं, तो आपके सामने एक शांत और मनमोहक दृश्य होता है। तटस्थ चट्टानों को पीछे छोड़ता हुआ बहता झरना यहां का पहला आकर्षण है।

वहीं, दूसरा आकर्षण चौड़े पाट पर बिछे पत्थरों पर से बहती बरसाती नदियों को पार करने का जुनून है। कई स्थान तो ऐसे हैं, जहां पानी इतना उथला है कि सतह के छोटे-छोटे पत्थरों को भी देखा जा सके।

हरियाली, शांत वातावरण और उस शांति को भंग करने की कोशिश में सुर छेड़ते परिंदे इस आनंद को गई गुना बढ़ा देते हैं। यह स्थान उन लोगों के लिए भी आदर्श है, जो शांति और प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं।

यहां का वातावरण इतना शांतिपूर्ण है कि यहां आकर व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की चिंता और तनाव को भूल जाता है। खासकर मानसून के मौसम में, जब झरने का पानी अपने पूरे वेग में बहता है, तो इस जगह की खूबसूरती और भी निखर जाती है।



SourceNaidunia
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments