जीतन सहनी दरभंगा के जीरात मोहल्ला स्थित घर में अकेले रहते थे। 8 साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। अपराध की इस जघंन्य घटना के बाद बिहार की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। आरजेडी ने नीतीश कुमार के साथ ही भाजपा पर निशाना साधा है। आरोप लगाया है कि बिहार में कानून का राज नहीं, बल्कि जंगलराज है।
बिहार के दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या कर दी गई है। 75 साल के जीतन सहनी का शव दरभंगा के बिरौल स्थित घर पर मिला। दरभंगा SSP जगुनाथ रेड्डी ने धारदार हथियारों से हत्या किए जाने की पुष्टि की है।
अब तक की जानकारी के अनुसार, घटनाक्रम देर रात का है। वारदात के समय जीतन सहनी घर में अकेले थे। मुकेश सहनी मुंबई में हैं। सूचना मिलते ही दरभंगा के लिए रवाना हो गए।
बता दें, बिहार में विकासशील इंसान पार्टी महागठबंधन का हिस्सा है। मुकेश सहनी पूर्व डिप्टी सीएम व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के काफी करीबी माने जाते हैं। मुकेश सहनी बिहार सरकार के पूर्व मंत्री भी हैं।
- 8 साल पहले पत्नी के निधन के बाद जीतन सहनी दरभंगा के जीरात मोहल्ला स्थित मकान में अकेले रहते थे।
- आसपास के लोगों ने बताया, ‘जीतन सहनी रोज सुबह 4 बजे उठ जाया करते थे और भजन बजाया करते थे।’
- मंगलवार सुबह जब भजन की आवाज नहीं आई, तो फूल तोड़ने पहुंचीं कुछ महिलाओं को आशंका हुई।
- महिलाओं ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने नहीं खोला। इस बीच, कुछ अन्य लोग भी जमा हो गए।
- मकान के पीछे जाकर देखा तो दरवाजा टूटा था। अंदर पहुंचे तो बिस्तर पर ही क्षत-विक्षत में शव पड़ा था।