भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीती रात से जारी बारिश के बाद महाराष्ट्र के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। पुणे के साथ ही मुंबई में जनजीवन प्रभावित हुआ है। यहां देखिए फोटो-वीडियो और जानिए देश के मौसम का हाल।
देश के बड़े हिस्से में भारी बारिश का दौर जारी है। अधिकांश राज्यों में जून में बारिश की कमी का आंकड़ा जुलाई में पूरा हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, गुरुवार को मुंबई और पुणे समेत महाराष्ट्र के बड़े हिस्से में भारी बारिश जारी है।
पुणे में भारी बारिश के बाद हालात बेकाबू हैं। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, पुणे में बीती रात से झमाझम बारिश हो रही है। इस कारण सड़कों पर पानी भर गया है। निचले इलाकों में रबर बोट चलाकर लोगों को बचाया गया है। एक स्थान पर करंट फैलने से चार लोगों की मौत हो गई।
कई कॉलोनियों में पानी भर गया है। ऊंची इमारतों में रहने वालों की मुश्किल ज्यादा है, क्योंकि बेसमेंट जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को घरों में रहने की अपील की है। पुणे और आसपास के इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। आज भी भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
मुथा नदी पर जेड ब्रिज के पास गुरुवार तड़के करीब 3 बजे बिजली का करंट लगने से 18-25 साल के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना तब हुई, जब वे मुथा नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण अपना भोजन स्टॉल बदल रहे थे। – स्वप्निल जोशी, सीनियर पीआई, डेक्कन पुलिस स्टेशन, पुणे पुलिस